Site icon Dainik Savera Times

भिवानी में ट्रैफिक पुलिस अलर्ट… यातायात नियमों के बारे में लोगो को किया जागरूक

हरियाणा डेस्क: भिवानी शहर में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से भिवानी ट्रैफिक पुलिस ने अभियान में सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। वीरवार को रोहतक गेट चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने जब दस्तावेज जांच अभियान शुरू किया, तो एक बिना हेलमेट बाइक सवार युवक ने पुलिस से बचने के लिए तेजी से बाइक दौड़ा दी। गलत दिशा में भागते हुए वह हादसे का शिकार होते-होते बचा। इसके बावजूद पुलिस ने नियमों की अनदेखी पर सख्त रुख अपनाते हुए उसका चालान काटा।

-विशेष अभियान चला रही है ट्रैफिक पुलिस

इस संबंध में जानकारी देते हुए ट्रैफिक पुलिस के एसआई सीता राम ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर शहर में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति सजग बनाना और सड़क पर अनुशासन को बढ़ावा देना है।

-राहगीरों को किया गया जागरूक

रविवार को रोहतक गेट चौक पर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष कैंप लगाकर राहगीरों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। इस दौरान जिन वाहनों पर काली फिल्म लगी पाई गई, उन्हें मौके पर ही हटवाकर चालान जारी किए गए।

-नाबालिगों को वाहन न देने की अपील

एसआई सीता राम ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन ना सौंपें। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते पाया गया, तो वाहन जब्त करने के साथ-साथ उसके माता-पिता के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

-डिजिटल चालान और सीसीटीवी से निगरानी

पुलिस अब शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी कर रही है। साथ ही, डिजिटल चालान प्रणाली के माध्यम से नियम तोड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। चालान काटे गए सभी चालकों को 90 दिन के भीतर चालान भरने की चेतावनी दी गई है।

-प्रशासन ने की लोगों से अपील

ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अनुरोध किया है कि वे नियमों का पालन करें, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करें और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें। यह अभियान केवल सजा के लिए नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने के लिए चलाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- BSEB 12th Result 2026: आज जारी होगा बिहार बोर्ड 12वीं का रिजल्ट; जानें कैसे करें चेक

Exit mobile version