Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुरुग्राम में दर्दनाक हादसा: स्विमिंग पूल में डूबने से 5 वर्षीय बच्चे की हुई मौत,जांच में जुटी पुलिस

July 25, 2024

गुरुग्राम में दर्दनाक हादसा: स्विमिंग पूल में डूबने से 5 वर्षीय बच्चे की हुई मौत,जांच में जुटी पुलिस

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-37डी की पॉश सोसायटी बीपीटीपी पार्क शिरीन में 5 साल के बच्चे की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। स्विमिंग पूल में तैरने आई सोसायटी की ही एक अन्य महिला ने जब बच्चे को पूल में पड़ा देखा तो उसने शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा किया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि पानी में उतरने के कुछ पल बाद ही बच्चा डूब जाता है। पूल के पास टहल रहा लाइफगार्ड भी उस पर ध्यान नहीं देता।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद बच्चे के दादा ने लाइफगार्ड, क्लब मैनेजर, पूल संचालक, सुरक्षा सुपरवाइजर और सुरक्षा गार्ड के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। बच्चे के दादा सीताराम सिंघला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह अपनी पत्नी रमा सिंघला, बेटे रवि सिंघला, पुत्रवधू आशु देवी, 2 पोतियों रुशदाऊ और रुशदा तथा पोते मिवंश के साथ यहां रहते हैं। बुधवार शाम करीब 6:15 बजे मिवंश अपनी दादी के साथ स्विमिंग पूल में तैरने गया था।

सीताराम ने बताया कि सोसायटी में 3 पूल हैं। एक 1.5 फीट का, एक 3 फीट का तथा एक 4 फीट का। इनमें से बच्चों को सिर्फ 1.5 फीट के पूल में ही जाने की अनुमति है। यह नियम न टूटे, इसके लिए सोसायटी में 5 लाइफगार्ड- नरेश, अंकित, मिंटू, सचिन और दुर्गा, क्लब मैनेजर देव राघव और तपन, पूल ऑपरेटर सुमित, सुरक्षा सुपरवाइजर राजेंद्र तथा सुरक्षा गार्ड कपिल, विकास और राजकुमार तैनात किए गए हैं। बच्चे के दादा का कहना है कि जब मिवंश की दादी उसके लिए कुछ खाने का सामान लेने ऊपर आईं तो बच्चा 4 फुट गहरे स्विमिंग पूल में चला गया। किसी जिम्मेदार व्यक्ति ने उसे नहीं देखा। जब वह पानी में उतरा तो कुछ ही पलों में डूब गया। सीताराम ने सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इधर, सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि बच्चा धीरे-धीरे स्विमिंग पूल में उतरता है।

उसके पास एक लाइफगार्ड भी है, लेकिन वह बच्चे पर ध्यान नहीं दे रहा है। उतरने के कुछ ही पलों में बच्चा डूब गया। थोड़ी देर बाद जब सोसायटी की एक महिला अपने बच्चे को लेकर पूल पर आई तो उसने पूल में कुछ तैरता हुआ देखा। जब उसने पास जाकर देखा तो वह चिल्लाने लगी। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और आसपास घूम रहा लाइफगार्ड भी आ गया। उसने तुरंत बच्चे को पूल से बाहर निकाला। लाइफगार्ड ने पहले बच्चे की छाती दबाकर उसे होश में लाने की कोशिश की। जब बच्चे पर इसका कोई असर नहीं हुआ तो वह बच्चे को बाहर निकालकर ले गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहां बच्चे की मौत हो गई। वहीं, हादसे की सूचना पाकर गुरुग्राम सेक्टर-10 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें