Two Arrested for Robbing Liquor Vend Salesman at Knifepoint : करनाल। गांव सुभरी में शराब ठेके पर सेल्समैन को चाकू की नोक पर लेकर नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए-1 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मेरठ रोड से दोनों को दबोचा। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है।
तीन युवक बाइक पर पहुंचे थे ठेके पर
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 3 जनवरी 2026 को गांव सुभरी स्थित शराब ठेके पर कार्यरत सेल्समैन मघर सिंह ने थाना सदर करनाल में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, दोपहर के समय मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक ठेके पर पहुंचे थे। इनमें से एक युवक ठेके के अंदर गया और सेल्समैन को चाकू दिखाकर गल्ले में रखी नकदी छीन ली। इसके बाद वह अपने दोनों साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना सदर करनाल में 3 जनवरी 2026 को संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
गुप्त सूचना पर सीआईए-1 ने दबोचे आरोपी
मामले की जांच के दौरान सीआईए-1 प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक नरेश कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर देर रात मेरठ रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चाकू भी बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी और छीना-झपटी के अन्य मामले भी दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

