
कैथल : एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में कैथल पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पाडला-गुहणा रोड पर गांव दुंधरेहड़ी की ओर जाने वाले रास्ते के मोड़ पर हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया था। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती करवाया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरकिरत सिंह उर्फ गोरा निवासी तीमोवाल और कर्मवीर सिंह उर्फ मान निवासी राणाकलां, जिला अमृतसर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .32 बोर और .315 बोर के दो देसी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव बाबा लदाना बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव पाडला निवासी एक व्यक्ति से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है और उसके घर पर फायरिंग करने के इरादे से पंजाब के दो युवक पाडला बस अड्डे के आसपास घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही
पुलिस टीम ने थाना सदर कैथल और कंट्रोल रूम को सूचित किया तथा रेडिंग पार्टी गठित कर पाडला, गुहणा सहित आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। सुबह करीब 4 बजे पाडला-गुहणा रोड पर गांव दुंधरेहड़ी की तरफ जाने वाले रास्ते के मोड़ पर पुलिस को मोटरसाइकिल दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखकर दोनों युवक मोटरसाइकिल सहित दुंधरेहड़ी की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो करीब 200 मीटर आगे कच्चे रास्ते पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर पेड़ों की आड़ में छिप गए।