Site icon Dainik Savera Times

दिनदहाड़े घर में घुसे दो नकाबपोश, महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर जेवरात लूटे

भूना: ढाणी सांचला गांव में खेतों की रिहायशी ढाणी में दिनदहाड़े दो नकाबपोश युवकों द्वारा महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर जेवरात लूटने का मामला सामने आया है। वारदात के दौरान 27 वर्षीय बसकोरी देवी अपने दो मासूम बच्चों के साथ घर पर अकेली थी। आरोपियों ने महिला के कानों के करीब डेढ़ तोले के सोने के झुमके, मंगलसूत्र और नाक की नोकपिन निकाल ली। इसके बाद घर में रखे संदूक व अलमारी का सामान भी खंगाला। परिजनों के अनुसार घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे की है।

बसकोरी देवी घर में काम-काज कर रही थी। इसी दौरान उसकी नजर ढाणी में आए दो नकाबपोश युवकों पर पड़ी। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी सामान की चोरी के इरादे से ढाणी में घुसे थे। महिला ने जैसे ही मुख्य गेट खोलकर बाहर देखा, आरोपियों ने उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया और धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद महिला बेहोश हो गई और उसे घटना की कोई जानकारी नहीं रही।

बसकोरी की सास सुमित्रा देवी और ससुर देवीलाल गेदर ने बताया कि घटना के समय परिवार के सदस्य अलग-अलग काम से बाहर गए हुए थे। सुमित्रा बच्चों को स्कूल से लेने के लिए स्कूटी पर गई थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेत में गए हुए थे। वापस लौटने पर बसकोरी देवी घर के अंदर बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ी मिली। उसके शरीर से सोने के जेवर गायब थे और घर का सामान बिखरा हुआ था।

परिजन तत्काल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Exit mobile version