हरियाणा डेस्क। हरियाणा के यमुनानगर जिले में गुरुवार को हथिनीकुंड बैराज पर उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने नदी में दो नग्न शव तैरते हुए देखे। तुरंत ही पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना प्रभारी नर सिंह पुलिस टीम और गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
शव पहचानना हुआ मुश्किल
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव काफी समय से पानी में पड़े रहने के कारण खराब हो चुके थे और चेहरे पहचानने लायक नहीं बचे थे। दोनों पर कोई कपड़ा नहीं था। अनुमान लगाया जा रहा है कि ये शव करीब दो से तीन दिन पुराने हो सकते हैं। नदी की तेज धार और पत्थरों से टकराने की वजह से शवों पर गहरे घाव और कई चोटों के निशान मिले हैं। मृतकों की उम्र लगभग 30 से 35 साल के बीच बताई जा रही है।
उत्तराखंड से हो सकता है कनेक्शन
थाना प्रभारी नर सिंह ने कहा कि हाल ही में उत्तराखंड में बादल फटने से बाढ़ आई थी, जिसमें कई लोग बह गए थे। संभावना जताई जा रही है कि यमुनानगर में मिले शव उन्हीं लापता लोगों में से हो सकते हैं। इस बारे में यमुनानगर पुलिस ने तुरंत उत्तराखंड प्रशासन को सूचना भेज दी है। वहीं उत्तराखंड से भी फोन कॉल आया है और कुछ लोग शवों की पहचान करने यमुनानगर आने वाले हैं।
दोनों शवों को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस ने आदेश दिया है कि शवों को 72 घंटे तक संरक्षित रखा जाए ताकि परिजन आकर उनकी पहचान कर सकें।
हथिनीकुंड बैराज पर लगातार निगरानी रखी जा रही
पुलिस ने बताया कि हथिनीकुंड बैराज पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अगर आगे भी कोई शव या संदिग्ध सामान नदी से बहकर आता है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि अगर उन्हें कोई संदिग्ध चीज दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

