कैथल: गांव पाई व जटेड़ी रोड पर जमीनी विवाद की पुरानी रंजिश के चलते दोहरे हत्याकांड के मामले में दो आरोपियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। समर्पण के बाद पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया। एसपी उपासना ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस बारे में तेजेन्द्र उर्फ तेजी निवासी गांव पाई ने शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार तेजेन्द्र के परिवार व गांव के ही चेला राम के परिवार के बीच पिछले करीब 14,15 वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद के चलते वर्ष 2012 में हुए झगड़े में चेला राम के परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई थी, उस मामले में उनके परिवार के कई सदस्यों को सजा हुई थी तथा वर्ष 2018 में वो सभी हाईकोर्ट से जमानत पर रिहा हुए थे।
19 दिसंबर की सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने ताऊ के लडके सुनील के साथ गांव की गली में खड़ा था। उसी दौरान उसके ताऊ भाना राम शमशान वाले खेत से घर लौट रहे थे। जब भाना राम गांव में पहुंचे तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक हथियार लहराते हुए आए और भाना राम पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि उन्होंने परिवार के एक अन्य सदस्य राजेन्द्र को भी गोली मार दी है और उसकी लाश जटेड़ी रोड के खेतों में पड़ी है। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। परिजनों द्वारा मौके पर जाकर देखने पर राजेन्द्र की स्कूटी सडक पर खड़ी मिली और कुछ दूरी पर खेतों में उसकी गोली लगी लाश बरामद हुई।
इस बारे में थाना पूंडरी में हत्या का मामला दर्ज किया गया। एसपी ने बताया कि जिले की सभी क्राईम युनिट, स्पेशल डिटेक्टिव युनिट, सीआई-1, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ सहित थाना पूंडरी पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए गए थे। पुलिस ने विभिन्न जगह पर छापेमारी की। इस बीच दो आरोपियों पाई निवासी राहुल व विजय ने थाना पूंडरी में आत्मसमर्पण कर दिया। उन्हे एसडीयू के एसआई विरेंद्र की टीम ने गिरफ्तार कर लिया।

