Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

सीवर लाइन में ब्लॉकेज की रिपेयर करने उतरे दो सफाई कर्मचारियों की दम घुटने से मौत

April 26, 2025

सीवर लाइन में ब्लॉकेज की रिपेयर करने उतरे दो सफाई कर्मचारियों की दम घुटने से मौत

नांगल चौधरी: शहर में सीवर लाइन के ब्लॉकेज की रिपेयर करने होद में उतरे दो सफाई कर्मचारी दम घुटने से बेहोश हो गए। वार्ड के युवाओं ने रस्सी की मदद से दोनों कर्मियों को अचेत अवस्था में होद से बाहर निकाला तथा एंबूलेंस की मदद से सीएचसी में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने विभिन्न चेकअप करके दोनों कर्मियों को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक मोहनपुर निवासी अनूप कुमार (28) तथा ढाणी बंधा वाली का जोगेंद्र कुमार (30) कौशल रोजगार निगम के अंतर्गत पब्लिक हेल्थ विभाग में बतौर सफाई कर्मचारी नियुक्त हैं। जिन्हें शहर के विभिन्न वाडरें में ब्लॉकेज सीवर लाइन की रिपेयर करने की जिम्मेवारी सौंपी गई थी। बीते करीब एक सप्ताह पहले नारनौल रोड़ पर स्थित एसबीआई बैंक के पास गली में सीवर ब्लॉक होने की कंप्लेंट मिली थी।

दो दिन पहले कर्मियों ने पाइप लाइन डालकर ब्लॉकेज खोलने का प्रयास किया था, किंतु सफलता नहीं मिली। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने मशीन की मदद से लाइन को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे मशीन नांगल चौधरी पहुंची, इसी दौरान विभाग के कनिष्ठ अभियंता ने अनूप कुमार व जोगेंद्र को कंप्लेंट स्थल पर पहुंचने की हिदायत दी। दोनों कर्मियों ने 9 बजे सीवर के होद का ढक्कन खोलकर नीचे उतरे तथा लोहे के सरिए से ब्लॉकेज तलाशना शुरू किया। दो कर्मचारी बाहर खड़े होकर मशीन को ऑपरेट करने में मदद कर रहे थे। लेकिन अंदर गए कर्मचारियों ने कोई मुवमेंट रिपोर्ट नहीं दी, इसके बाद बाहर खड़े जेई और दो अन्य कर्मियों ने आवाज लगाई, जबाब नहीं मिलने पर उन्होंने तुरंत मशीन को बंद किया।

नजदीकी मकान मालिक ने एक निजी अस्पताल से आक्सीजन का सिलेंडर मंगवाया तथा उसकी मदद से अन्य कर्मी को नीचे उतारा। लेकिन थोड़ी नीचे जाते ही उसकी भी दम घुटनी शुरू होने पर उसे तत्परता से वापस बाहर निकाला। इसके बाद सीएचसी से आक्सीजन के सिलेंडर मंगवाए और रस्सी से लोहे की कुंडी बांधकर सीवर में फैंका, इस कुंडी में एक कर्मी फंसा जिसे खींचकर निकाला गया। दूसरे कर्मचारी को एक स्थानीय युवक उत्तम सिंह राजपूत की मदद से निकाला गया। शहरवासियों ने दोनों अचेत कर्मियों को सीएचसी में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच की और मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें: IPL 2026, DC vs MI: दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, मुंबई इंडियंस पहले करेगी बल्लेबाजी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें