Site icon Dainik Savera Times

समालखा में दो की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

समालखा : समालखा थाना क्षेत्र के बुडशाम गांव के पास दिल्ली नहर बाईपास रोड पर बुधवार देर रात दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान हरिनगर सैनी कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय अंकुश और उग्रा खेड़ी निवासी 24 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है। दोनों के शव सडक़ किनारे पड़े मिले, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना समालखा प्रभारी दीपक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में डीएसपी नरेंद्र कादियान और सीआईए की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया।

मृतक अंकुश के परिजनों ने उसके परिचित साहिल पर घर से बुलाकर हत्या कराने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार अंकुश बुधवार शाम काम से लौटते समय साहिल के फोन पर उससे मिलने गया था, जिसके बाद उसका संपर्क टूट गया। देर रात पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। देर रात सोनीपत पुलिस ने आरोपी साहिल को टोल प्लाजा के पास हिरासत में लेकर पानीपत पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Exit mobile version