Site icon Dainik Savera Times

समालखा से 2 बार रहे विधायक धर्म सिंह छौक्कर को ED की टीम ने दिल्ली से किया गिरफ्तार

पानीपत: समालखा से दो बार विधायक रह चुके धर्म सिंह छौक्कर को प्रवर्तन निदेशालय ईडी की टीम ने गिरफ्तार किया है। ईडी के अधिकारियों को रविवार रात को सूचना मिली थी कि छौक्कर दिल्ली के फाइव स्टार होटल शांगरी ला में मौजूद हैं। छौक्कर को पकड़ने के लिए गुरुग्राम जोन के अधिकारियों की टीम बनाई गई। ऑपरेशन का नाम धप्पा रखा गया। टीम जब होटल में पहुंची तो छौक्कर टहल रहे थे। भीड़ होने की वजह से वह भाग नहीं पाए और टीम ने उन्हें काबू कर लिया। छौक्कर 1500 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग केस में फरार चल रहे थे। कुछ दिन पहले ईडी ने उनकी 44.55 करोड़ की संपत्ति कुर्क की थी।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी माने जाने वाले छौक्कर की कंपनी साई आइना फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड पर आरोप है कि उन्होंने लोगों को गुरुग्राम में घर देने के बदले करोड़ों रुपए ले लिए। बाद में उन्होंने न लोगों को घर दिया और न ही पैसे लौटाए। इसके बाद ईडी ने उनके खिलाफ केस दर्ज किया था। स्मरणीय है कि धर्म सिंह छौक्कर, उनके बेटे सिकंदर और विकास की कंपनी साई आइना फॉर्म्स अब माहिरा इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड सीजर बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड और माहिरा बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड ने किफायती आवास योजना निकाली थी।

जिसके तहत हजारों खरीदारों को गुरुग्राम के सेक्टर 68, सेक्टर 103 और सेक्टर 104 में मकान उपलब्ध कराने का वादा किया गया। इसके बदले उनसे लगभग 616.41 करोड़ रुपए ले लिए गए। वहीं तीनों ने लोगों को घर नहीं दिए गए। बाद में पता चला कि घर खरीदारों से एकत्र की गई रकम को इन्होंने निजी लाभ के लिए खर्च कर दिया। कंपनी ने करोडों रुपए फर्जी निर्माण लागत, महंगी ज्वैलरी और शादियों में खर्च किए। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने केस दर्ज कर रखा है।

ये भी पढ़ें- Smartphones Under 20K: Motorola से लेकर Realme तक! बस इतने में मिलेंगे ये धांसू स्मार्टफोन, देखें लिस्ट

Exit mobile version