करनाल : नेशनल हाईवे पर मधुबन-कंबोपुरा के बीच सोमवार को दो गाड़ियों की भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दोनों वाहन पलट गए। स्कॉर्पियो में एक परिवार सवार था, जिसमें एक बच्चे को मामूली खरोंच आई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना मिलने पर मधुबन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू की।
उपली निवासी स्कॉर्पियो चालक सैगमन सिंह ने बताया कि वह घरौंडा से करनाल की तरफ आ रहे थे। उनकी गाड़ी की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा के बीच थी और वह साइड लेन में चल रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही स्विफ्ट कार ने अचानक कट मारकर उनकी गाड़ी के आगे प्रवेश किया और डिवाइडर से टकरा गई। इससे हाईवे की रेलिंग भी टूट गई।
सैगमन ने बताया कि स्विफ्ट के पीछे होने के कारण उनकी स्कॉर्पियो भी उससे टकरा गई। टक्कर में दोनों एक्सल टूट गए, जिसके बाद गाड़ी को संभालना मुश्किल हो गया। उनकी गाड़ी रेलिंग से टकराई और दूसरी तरफ जाने से बच गई। हादसे में दोनों वाहन पलट गए। सैगमन सिंह के अनुसार स्कॉर्पियो में उनकी मां, पत्नी और बेटा भी सवार थे। बेटे को थोड़ी बहुत खरोंच आई।
उन्होंने सीट बेल्ट लगाई हुई थी, जिससे वह सुरक्षित रहे। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो का दरवाजा नहीं खुला और मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। उन्होंने स्विफ्ट चालक पर तेज गति से वाहन चलाने और शराब के नशे में होने की आशंका जताई। स्विफ्ट में चार अन्य लोग भी सवार बताए गए।

