Site icon Dainik Savera Times

क्लब फायरिंग के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, पाक तक पहुंचता था ड्रग्स का पैसा

arrest

arrest

Two Wanted Accused Arrested in Panchkula Club Firing Case : पंचकूला। पंचकूला के अलिफ लैला क्लब में फायरिंग मामले में एटीएस ने दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि हरियाणा और पंजाब में नशे व अवैध हथियारों की तस्करी से मिलने वाली काली कमाई हवाला के जरिए अमेरिका के कैलिफोर्निया में बैठे मुख्य सरगना तक पहुंचाई जा रही थी।

वहां से पाकिस्तान तक पैसे का लेन-देन होता था और इसके बाद पंजाब सीमा के रास्ते भारत में नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की खेप पहुंचाई जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंद्र सिंह उर्फ छनकु और सुखविंद्र सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है। पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता में एटीएस एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान पंजाब के फाजिल्का स्थित गांव लक्खा सिंह वाला हिठाड़ निवासी बलविंद्र सिंह उर्फ छनकु और ढाणी जला लखे के हिठाड़ निवासी सुखविंद्र सिंह उर्फ सोनू के तौर पर हुई है। बलविंद्र सिंह पर 50 हजार रुपये और सुखविंद्र पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दोनों आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ चल रही है। कैलिफोर्निया से पंजाब निवासी मुख्य सरगना के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही है। एटीएस ने उसका नाम उजागर नहीं किया है।

कैलिफोर्निया से पाकिस्तान पैसा पहुंचने के बाद पंजाब बॉर्डर से नशीले पदार्थ और हथियार भारत में पहुंचाए जाते थे। बलविंद्र व सुखविंद्र के मोबाइल फोन में ड्रग्स और हथियारों की खेप की तस्वीरें भी बरामद हुई हैं। एटीएस ने दोनों आरोपियों को मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। लगातार पहचान व लोकेशन बदल रहे थे दोनों बलविंद्र व सुखविंद्र लगातार अपनी पहचान और लोकेशन बदल रहे थे। एटीएस की अंबाला टीम ने पंजाब और हरियाणा में दो दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापे डाले। मोबाइल फोन लोकेशन, पहले गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही और खुफिया सूचनाओं की सभी कड़ियों को जोड़ते हुए पंजाब की फिरोजपुर पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाकर दोनों आरोपियों को दबोचा गया।

Also Read :

Exit mobile version