Site icon Dainik Savera Times

ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन से 6 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया

अंबाला छावनी : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) अंबाला छावनी ने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए छह नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर आगे की काउंसलिंग, मेडिकल परीक्षण एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए नामित एनजीओ के सुपुर्द किया। आरपीएफ पोस्ट अंबाला छावनी के निरीक्षक प्रभारी रविन्द्र सिंह के निर्देशन में गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम का गठन किया गया।

टीम में उप निरीक्षक पंकज कुमार, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप सहित आरपीएफ स्टाफ, जिला युवा विकास संगठन के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अजय तिवारी तथा एएचटीयू अंबाला से एलएसआई मुकेश रानी एवं हेड कांस्टेबल जसविंदर सिंह शामिल रहे। संयुक्त टीम ने गाड़ी संख्या 12407 के अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर पहुंचने पर विभिन्न कोचों की जांच की।

इस दौरान छह नाबालिग बच्चों को पूछताछ के लिए आरपीएफ पोस्ट लाया गया। पूछताछ के उपरांत सभी बच्चों को नियमानुसार आगे की काउंसलिंग, सिविल अस्पताल अंबाला कैंट में मेडिकल परीक्षण तथा अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला युवा विकास संगठन को सुपुर्द कर दिया गया।

Exit mobile version