Site icon Dainik Savera Times

हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के बैनर तले विभिन्न किसान संगठनों ने दिया धरना

कुरुक्षेत्र: हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के बैनर तले विभिन्न किसान संगठनों ने जिंदल चौक के समीप धरना दिया। हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा ने फसल का मुआवजा तुरंत दिए जाने और अमरीका के साथ किसान विरोधी व्यापार समझौता रद्द करने सहित अन्य मांगों को लेकर 23 से 25 फरवरी तक सीएम आवास के घेराव का ऐलान किया था। इसके तहत सोमवार को विभिन्न संगठनों से जुड़े किसान सुबह पिपली देवीलाल पार्क में एकत्रित हुए।

किसानों के सीएम आवास पर घेराव के चलते पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। पुलिस ने किसानों को सीएम आवास तक जाने से रोकने के लिए जिंदल चौक के समीप बैरिकेटिंग कर रास्ता बंद कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल व वज्र वाहन भी मौजूद रहा। दोपहर करीब डेढ़ बजे किसानों ने देवीलाल पार्क से सीएम आवास की ओर पैदल कूच किया। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने किसानों को जिंदल चौक के समीप ही रोक दिया। किसानों ने वही पर ही धरना दे दिया।

धरनास्थल पर किसानों को संबोधित करते हुए बीकेयू (सर छोटू राम) के राज्य कोर कमेटी सदस्य जगदीप सिंह औलख, प्रवक्ता भादुर मेहला, पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष मंदीप नाथवान, अमरजीत मोहड़ी सहित अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि भारत-अमरीका व्यापार समझौता भारतीय किसानों के हितों के खिलाफ है और इससे किसानों को भारी नुकसान होगा। भादुर मेहला ने कहा कि सरकार की नीतियों ने किसानों को कर्ज के बोझ तले धकेल दिया है।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समझौते को रोका नहीं गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। किसान नेता संजू नम्बरदार, संजीव आलमपुर ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। किसान नेता दिलबाग सिंह ने कहा कि किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

Exit mobile version