Site icon Dainik Savera Times

करनाल में 10 रुपये के लिए सब्जी विक्रेता की हत्या

करनाल : गांव बुढ़ाखेड़ा में एक मामूली पैसों का विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दुकान पर सब्जी खरीदने आए दो युवकों ने 10 रुपये को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद बुजुर्ग दुकानदार पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने डंडों और ईंटों से हमला कर बुजुर्ग को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार सदमे में है और गांव में भी आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

‘10 रुपये के लिए हमारे पिता को मार डाला’

रोते-बिलखते परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बेटियों का कहना है कि मामूली सी बात पर उनके पिता की जान ले ली गई। परिवार में चार बेटियां हैं और संजय सैनी ही पूरे परिवार का सहारा थे। बेटियों ने बताया कि आरोपियों ने “पहले बदतमीजी की और फिर विरोध करने पर बेरहमी से हमला कर दिया।”

पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सेक्टर 32-33 पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अज्ञात दो युवकों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सतीश कुमार के अनुसार आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Exit mobile version