Site icon Dainik Savera Times

सिरसा में स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लगाया जाम, प्रशासन ने दिया आश्वासन

सिरसा: गांव फरवाईं खुर्द के ग्रामीणों ने शुक्रवार को सिरसा-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। यह जाम करीब एक घंटे तक रहा, जिससे दोनों ओर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। यह मार्ग सिरसा से चंडीगढ़ की ओर जाने वाला एकमात्र प्रमुख रास्ता है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

-गाँव में अक्सर होती हैं दुर्घटनाएं 

ग्रामीणों का कहना है कि फरवाईं खुर्द गांव राज्य राजमार्ग के दोनों ओर बसा हुआ है और सड़क गांव के बीचों-बीच से गुजरती है। सड़क के किनारे स्थित दुकानों पर आने-जाने के दौरान अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

-बीती रात हुआ हादसा 

बीती रात एक 22 वर्षीय युवक की तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर सीमेंट की पाइपें रखकर रास्ता जाम कर दिया। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर स्पीड ब्रेकर बनाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और यातायात पुनः शुरू हो सका। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा की अनदेखी को उजागर किया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन अपने वादे पर कितना खरा उतरता है।

ये भी पढ़ें: Rashmika Mandanna के बर्थडे पर Vijay Deverakonda ने शेयर की राणाबाली की अनसीन वीडियो, दिखा जयाम्मा का प्यारा लुक

Exit mobile version