Volleyball Event Promotes Drug-Free Youth : महेंद्रगढ़। गांव सुरेहती जाखल में नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के दौरान पुलिस ने युवाओं और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। सतनाली थाना पुलिस ने खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने के साथ साइबर ठगी से बचाव के उपाय भी बताए।
इसी कड़ी में गांव सुरेहती जाखल में नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के दौरान सतनाली थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस टीम ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके परिवार और भविष्य को भी प्रभावित करता है। खेलों में नियमित भागीदारी से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास तथा टीम भावना का विकास होता है।
युवाओं से अपनी ऊर्जा पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने तथा अन्य युवाओं को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। पुलिस ने अभिभावकों और ग्रामीणों से भी नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों से नियमित संवाद रखें, उनकी संगति और गतिविधियों पर नजर रखें तथा उन्हें खेलों के लिए प्रोत्साहित करें।
साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों और युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं करने तथा ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर डराकर की जाने वाली ठगी से सावधान रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने लोगों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर गांव के सरपंच चंदर प्रकाश, सतनाली थाना प्रभारी व पुलिस टीम, सुरेश मास्टर, रणवीर फौजी, चौकीदार मंदीप शर्मा, शक्तिवेश पूनिया, कमलेश साहब सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा मौजूद रहे।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तुरंत डायल 112 अथवा नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी। नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।

