
अंबाला। प्रदेश में मौसम रोजाना बदल रहा है। एक दिन तपिश रिकॉर्ड तोड़ती है तो दूसरे दिन बारिश हो जाती है। मई माह शुरू हो चुका है परंतु इस फेरबदल के कारण गर्मी का अहसास नहीं हो रहा।
मौसम विभाग की ओर से मई माह में चार बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की बात कही जा रही है। आईये ऐसे में देखते हैं कि इस बारिश का शेडयूल क्या रहेगा। यानी कब और कहां बारिश होना निश्चित है। आज से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। जिस का असर प्रदेश में साफ दिखने लगा है। प्रदेश में सात मई तक कई जिलों में मौसम अस्थिर रहेगा। कहीं बूंदाबांदी होगी तो कहीं गरज के साथ हवाएं चलेंगी। खासकर उत्तर और दक्षिण हरियाणा के जिलों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। ये बदलाव अचानक नहीं बल्कि धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में फैलता नजर आएगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को औसत अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, इससे तापमान सामान्य से करीब 2.8 डिग्री नीचे पहुंच गया। महेंद्रगढ़ में अभी भी अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर कुछ कम होगा।
मौसम विभाग की ओर से पूर्वानुमान जारी किया गया है। 2, 3, 6 और 7 मई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 4 और 5 को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इस दौरान बादल छाए रहने, गरज-चमक और मौसम के बार-बार बदलने की स्थिति बनी रह सकती है। यानी पूरे हफ्ते मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं रहेगा और लोगों को बदलते हालात के लिए तैयार रहना होगा।
आज पंचकूला, यमुनानगर, मेवात और पलवल जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। 3 से 6 मई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जैसे जिलों में 2 मई को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
खबरें और भी हैं…
खबरें और भी हैं…
खबरें और भी हैं…
मेष: दिन शुभ रहेगा...