करनाल: पुलिस ने तार चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जिला पुलिस की सीआईए-3 ने एल्युमिनियम तार चोरी की दो संगठित गैंगों में शामिल 14 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के 9 मामलों का खुलासा किया है। सीआईए-3 इंचार्ज निरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा सहायक उप निरीक्षक जंगशेर सिंह व मुख्य सिपाही जितेंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए
आरोपी विजय, रवि कुमार,अजय उर्फ चाटू ,रवि प्रकाश उर्फ चौटाला, प्रवीन कुमार उर्फ पतला, हेमराज उर्फ अमन, राकेश उर्फ बच्ची, विक्रम उर्फ विक्की, सोनू निवासी भुखापुरी, थाना निगदू जिला करनाल, राहुल उर्फ दीपक निवासी गांव हैबतपुर, जिला करनाल, कमल निवासी गांव डीग, थाना पुंडरी, जिला कैथल, बिट्टूराम निवासी रायसन दयानगर, थाना निगदू, जिला करनाल, करनैल सिंह उर्फ गंजा निवासी गांव निगदू, व पवन कुमार निवासी गांव अमीन, जिला कुरुक्षेत्र को काबू किया है।
आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 40 हजार रुपए नकद तथा वारदात में प्रयुक्त दो महिंद्रा पिकअप गाड़ियां बरामद की गई हैं। सीआईए-3 इंचार्ज निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज शर्मा द्वारा थाना तरावड़ी में शिकायत दी गई थी कि जिला करनाल के निसिंग क्षेत्र में न्यू बिजली बोर्ड के कार्य स्थल से रात्रि के समय अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एल्युमिनियम तार चोरी कर ली गई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा नंबर 461/2025 संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच इकाई द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
गहन पूछताछ में इस गिरोह से जुड़े अन्य 10 आरोपियों की संलिप्तता उजागर हुई, जिन्होंने मिलकर थाना सदर करनाल व निसिंग क्षेत्र में कई चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। मामले में सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है। जिला पुलिस करनाल द्वारा स्पष्ट किया गया है कि चोरी, अवैध गतिविधियों व संगठित अपराध में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

