Site icon Dainik Savera Times

हनी ट्रैप में फंसाकर 15 लाख ऐंठने की कोशिश, 10 हजार लेते महिला गिरफ्तार

honeytrap-the-sweet-and-dangerous-trap

honeytrap-the-sweet-and-dangerous-trap

Woman Arrested in Honey Trap Extortion Case : असंध-करनाल। हनी ट्रैप के माध्यम से रुपये ऐंठने के कथित मामले में असंध पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। डीएसपी गोरखपाल राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में रविंद्र ने बताया कि वह गुजरात में एक कंपनी में काम करता है। इसी दौरान उसकी जान-पहचान आरोपी महिला के पति से हुई, जो उसके साथ ही कंपनी में काम करता था। कुछ समय बाद महिला के पति को किसी कारणवश कंपनी से नौकरी से निकाल दिया गया। आरोप है कि इसके बाद महिला और उसके पति ने कथित तौर पर मिलकर उसे हनी ट्रैप में फंसाकर रुपये ऐंठने की योजना बनाई।

शिकायतकर्ता के अनुसार, महिला ने उससे 15 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में बातचीत के दौरान साढ़े 12 लाख रुपये में समझौता तय हुआ। इसके बाद शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की योजना बनाई और महिला को 10 हजार रुपये लेते हुए मौके पर ही काबू कर लिया। डीएसपी गोरखपाल राणा ने बताया कि उनके पास इस संबंध में शिकायत आई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम गठित कर रेड की गई, जिसमें महिला को 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान महिला थाना प्रभारी कनुप्रिया, थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित हनी ट्रैप की इस साजिश में महिला के साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।

Exit mobile version