Site icon Dainik Savera Times

लाडवा अनाजमंडी में धान इकट्ठा कर रही बुजुर्ग महिला को ट्रक ने कुचला

लाडवा : लाडवा अनाजमंडी में एक दर्दनाक सडक़ हादसे में धान इकठ्ठा कर रही 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला की ट्रक के नीचे कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मंडी में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, भीड़ को इकठ्ठा होता देख ट्रक चालक अपना वाहन मौके पर छोडक़र फरार हो गया। मृतका की पहचान जसवंती देवी (69) निवासी वार्ड नंबर-4, लाडवा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार जसवंती देवी लाडवा अनाज मंडी में धान इकठा कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक का पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से कुचल गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ट्रक चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे के बाद मंडी में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों को अपनी ओर आता देख चालक ट्रक को मौके पर ही छोडक़र फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही लाडवा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे में शामिल ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है। वहीं पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है। फरार ट्रक चालक की पहचान करने और उसकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Exit mobile version