Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों का आरोप- गलत चढ़ाया खून

September 13, 2026

डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों का आरोप- गलत चढ़ाया खून

Woman dies after delivery : करनाल। सरकारी अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाने का आरोप लगाया है।

महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी हाउस भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय मनिका के रूप में हुई है। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के शामली जिले की रहने वाली थी और करीब नौ वर्ष पहले उसकी शादी कुंजपुरा थाना क्षेत्र के गांव कुंडाकलां निवासी बजिंदर के साथ हुई थी। उसके परिवार में एक बेटी भी है।

कुंजपुरा अस्पताल से किया था रेफर

मृतका के ससुर गोविंद सिंह ने बताया कि मनिका गर्भवती थी। डिलीवरी का समय नजदीक आने पर उसे 12 सितंबर सुबह करीब सात बजे कुंजपुरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से करीब डेढ़ बजे उसे करनाल के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, करनाल अस्पताल में शाम करीब साढ़े पांच बजे मनिका का ऑपरेशन हुआ और उसने बेटे को जन्म दिया। बेटे के जन्म के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन डिलीवरी के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। करीब साढ़े आठ बजे उसे आईसीयू में भर्ती किया गया।

ब्लड चढ़ाने के बाद बिगड़ी हालत

गोविंद सिंह के अनुसार, रात करीब तीन बजे मनिका को ब्लड चढ़ाया गया। उनका आरोप है कि ब्लड चढ़ाने के पांच से सात मिनट बाद ही मनिका को तेज खुजली होने लगी और वह बेचैन होकर तड़पने लगी। परिजनों ने नर्स से डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर करीब साढ़े पांच बजे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मनिका की मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिवार ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही और गलत ब्लड चढ़ाने का आरोप लगाया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें