Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

महिला की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या का आरोप

November 17, 2026

महिला की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या का आरोप

Woman Found Dead, Jewellery and Cash Missing : जींद। फतेहगढ़ में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला के परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या करने और घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और 8.70 लाख रुपये की चोरी का आरोप लगाया है।

सूचना मिलने पर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फतेहगढ़ गांव निवासी 42 वर्षीय सुमन सोमवार दोपहर बाद अपने घर में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। पड़ोसियों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और सुमन को उपचार के लिए जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में परिजनों ने महिला की मौत को हार्ट फेल होने का मामला समझा और पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया। इसके बाद वे शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले आए।

घर पहुंचने पर जब परिजनों ने सामान की जांच की तो उनके होश उड़ गए। घर की अलमारियों के ताले टूटे हुए मिले और उनमें रखे लाखों रुपये के गहने तथा 8 लाख 70 हजार रुपये की नकदी गायब थी। घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद परिजनों को महिला की मौत को लेकर संदेह हुआ। उन्होंने आशंका जताई कि अज्ञात लोगों ने पहले घर में चोरी की और इसके बाद सुमन की हत्या कर दी। परिजनों ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद जुलाना थाना पुलिस की टीम व स्कवायड डॉग टीम, फोरेसिक टीम गांव में पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जींद के सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। जुलाना थाना प्रभारी कमल का कहना है कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें