Site icon Dainik Savera Times

MPHW- MPHS कर्मचारियों को ट्रांसफर पॉलिसी से छूट देने की मांग

Health Workers to Protest Against Online Transfer Policy : महेंद्रगढ़। हरियाणा में बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन ने मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी (MOTP) के विरोध में रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर रोष प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। एसोसिएशन की मांग है कि MPHW और MPHS वर्ग को ऑनलाइन तबादला नीति से पूरी तरह छूट दी जाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

एसोसिएशन के आह्वान पर प्रदेशभर से महिला एवं पुरुष स्वास्थ्य कर्मचारी सुबह 10 बजे ताऊ देवी लाल पार्क में एकत्रित होंगे और दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर ज्ञापन सौंपेंगे। एसोसिएशन की मांग है कि बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी (MPHW) और बहुउद्देशीय स्वास्थ्य पर्यवेक्षक (MPHS) वर्गको ऑनलाइन तबादला नीति से पूरी तरह बाहर रखा जाए। एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष शर्मिला देवी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश चौहान, महासचिव सहदेव सांगवान और प्रवक्ता संदीप कुंडू ने सरकार को दूसरा स्मरण पत्र भेजकर अपनी मांगों को दोहराया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की आपत्तियों के बावजूद रेशनलाइजेशन सूची में पदों कोशामिल करना चिंता का विषय है।

सरकार को रेशनलाइजेशन के नाम पर पद समाप्त करने के बजाय स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों पर नियमितभर्ती करनी चाहिए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश चौहान और प्रदेश अध्यक्ष शर्मिला देवी ने कहा कि बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को लागू करने, बीमारियों की रोकथाम, स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने और आमजन तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने में इस वर्ग की अहम भूमिका है। ऐसे में कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और जनसेवा की प्रकृति को नजरअंदाज कर सामान्य तबादला नीति लागू करने से कर्मचारियों के साथ-साथ जनस्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।

एसोसिएशन के महासचिव सहदेव सांगवान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में पहले से ही कर्मचारियों की कमी के कारण कार्यभार बढ़ रहा है। ऐसे में पदों को समाप्त करने की प्रक्रिया स्वास्थ्य सेवाओं को कमजोर कर सकती है। उन्होंने मांग की कि रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती की जाए और किसी भी कर्मचारी वर्ग के स्वीकृत पदों को समाप्त करने के बजाय स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। एसोसिएशन ने सरकार से MPHW एवं MPHS वर्ग को मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी से पूर्ण छूट देने, रेशनलाइजेशन के नाम पर पद समाप्त करने की कार्रवाई रोकने और कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की भावनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक जरूरतों को नजरअंदाज कर निर्णय थोपे गए, तो आंदोलनको और तेज किया जाएगा। एसोसिएशन ने प्रदेशभर के बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों से 25 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।पदाधिकारियों ने कहा कि यह संघर्ष केवल कर्मचारियों के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की जनस्वास्थ्य सेवाओं को सुरक्षित रखने औरमजबूत बनाने की लड़ाई भी है।

Exit mobile version