Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रदेश में भाईचारा बिगाडऩे वाली ताकतों को सत्ता से बेदखल करने का काम करें : ओ.पी. चौटाला

December 8, 2023

प्रदेश में भाईचारा बिगाडऩे वाली ताकतों को सत्ता से बेदखल करने का काम करें : ओ.पी. चौटाला

हिसार: इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने आज हिसार में राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की बैठक ली। बैठक में प्रदेश भर के पार्टी के सभी वरिष्ठ एवं सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अभय चौटाला ने आगामी 16 दिसंबर से पार्टी द्वारा प्रदेश भर में शुरू की जाने वाली रथ यात्रा व पार्टी संगठन की मजबूती के लिए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 90 हलकों में यह रथ यात्रा जाएगी। उन्होंने बैठक में मौजूद पार्टी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को रथ यात्रा की तैयारियों में जुट जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पार्टी से अधिक से अधिक लोगों को जोडऩे और मैंबरशिप बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में यदि सबसे मजबूत स्थिति में कोई पार्टी है तो वह इनेलो है। कांग्रेस का जो हाल पांच राज्यों के चुनावों में हुआ है उससे भी बदतर हालात इस पार्टी के हरियाणा में होने हैं क्योंकि इसमें सभी कागजी लोग भरे हुए हैं जो धरातल पर काम करने के बजाय केवल बयानबाजी पर जोर देते हैं। वहीं सत्ता पक्ष से लोगों विश्वास पूरी तरह से उठ चुका है और यह नेतृत्वहीन हो चुकी है और प्रदेश में कांग्रेस की हालत पतली है। बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की बदहाली, कर्मचारियों का शोषण ये ऐसे ज्वलंत मुद्दे हैं जो भाजपा सरकार को कटघरे में खड़े कर रहे हैं। भाजपा सरकार किसानों की सबसे बड़ी दुश्मन है किसानों को अपने हकों के लिए रोज अलग-अलग जिलों में आंदोलन करने पड़ रहे हैं।

अभय चौटाला ने कहा कि यदि वर्तमान में प्रदेश में कोई पार्टी सबसे मजबूत स्थिति में है तो वह इनेलो ही है जिसके पास सबसे मजबूत संगठन है जिसका एक-एक कार्यकर्ता पार्टी के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहा है। पार्टी सुप्रीमो औमप्रकाश चौटाला 90 वर्ष की आयु में भी पूरे सक्रिय हैं और हमारे लिए वे प्रेरणा के स्त्रोत हैं। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा के माध्यम से हम प्रदेश के जनता के बीच इनेलो की नीतियों को लेकर जाएंगे और सरकार की खामियों को जनता के सामने उजागर करेंगे। उन्होंने कहा कि वे लोगों के बीच बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, महंगाई, किसानों को मुआवजे आदि मुद्दों को लेकर जाएंगे। उन्होंने प्रदेश कार्यकारिणी के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की रथयात्रा के ड्यूटी लगाई और सभी से इसके लिए कमर कस कर जुट जाने के लिए कहा।

इनेले सुप्रीमो चौ. औमप्रकाश चौटाला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसने प्रदेश के सभी वर्गों को जाति, पाति व धर्म के नाम पर आपस में लड़ाने का काम किया और फूट डालकर प्रदेश के भाईचारे को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि ऐसी ताकतों को सत्ता से बेदखल कर हमें हरियाणा फिर से वही भाईचारा और सद्भाव कायम करना है। कार्यकर्ता चुनावों की तैयारियों में कमर कस कर जुट जाएं आने वाला समय इनेलो का है। प्रदेश में वर्तमान में जो भी बेरोजगारी, किसान, व्यापारी व आम जनता की समस्याएं हैं उन्हें इनेलो प्राथमिकता से हल करेगी। पूरे प्रदेश में पार्टी की रथ यात्राओं में सभी कार्यकर्ता पूरी मेहनत करके इसे सफल बनाने का काम करें।

बैठक में इनेलो सुप्रीमो औमप्रकाश चौटाला, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव चौ. अभय चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी, श्याम सिंह राणा पूर्व विधायक, रिटायर्ड डीजीपी महेंद्र सिंह मलिक, प्रकाश भारती राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महिला प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला, महिला प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा देवी, राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद लोहान, भूपेंद्र दरियापुर कसवां, राजेश गोदारा प्रदेश महासचिव, अश्विनी दत्ता मैंबर पीएसी, जाहिद खान अल्पसंख्यक आयोग प्रदेधाध्यक्ष, स. नछतर सिंह कार्यालय सचिव, श्याम सिंह राणा, सुरेश शर्मा वरिष्ठ इनेलो नेता, सतबीर सैनी प्रवक्ता, राजसिंह मोर रिटायर्ड एसपी, देवीलाल सिहाग,चतर सिंह स्यहाड़वा, जिला अध्यक्ष सतबीर सिसाय, ललिता टाक महिला जिला अध्यक्ष, अन्नू सूरा, राजीव राजा, रमेश चुघ जिला प्रवक्ता के अलावा सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश कार्यकारिणी के हलका व जिला अध्यक्ष मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें