Site icon Dainik Savera Times

हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज पर धमाका; युवक की समझदारी ने बचाई दो जिंदगियां

यमुनानगर। हथिनीकुंड बैराज पर चल रही महिंद्रा XUV300 अचानक धुएं से भर गई और देखते ही देखते तेज धमाके के साथ आग की लपटों में बदल गई। हालांकि, इसी दौरान एक बाइक सवार ने समय रहते चालक को सावधान कर दिया, जिससे चालक और उसकी भाभी सुरक्षित बाहर निकल आए।

ये भी पढ़ें: हरियाणा में सांसें थमीं, कई शहर खतरनाक प्रदूषण स्तर पर पहुंचे

कार चला रहे तैयब ने बताया कि वह भाभी नसीमा के साथ उत्तर प्रदेश के गांव पाठलोकोर से हरियाणा के मलीमाजरा में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। तभी सामने से आता एक युवक उन्हें तुरंत रुकने के लिए इशारा करता दिखा और जांच की सलाह दी।

इसके बाद जैसे ही तैयब ने बोनट खोला, अंदर से घना धुआं तेजी से बाहर निकला। लोग घबराकर दूर हटे ही थे कि अचानक जोरदार धमाका हुआ और कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। कार क्रमांक HR 71L 6002 प्रतापनगर निवासी अनीस के नाम पर दर्ज है, जबकि इसका उपयोग उनका मौसेरा भाई तैयब करता है।

घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया कि बैराज पर पहले लगा पुलिस नाका अब काफी समय से बंद है। इस बीच, यूपी की दमकल टीम पहले पहुंच गई और तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया, जबकि हरियाणा की दमकल टीम थोड़ी देर बाद स्थल पर पहुंच सकी।

Exit mobile version