Yamunanagar Firing While IPL Match: हरियाणा डेस्क: यमुनानगर जिले के जगाधरी क्षेत्र में मंगलवार रात आईपीएल मैच देखने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। जिसने एक गंभीर रूप ले लिया। मामला देवी भवन बाजार इलाके का है, जहां कुछ स्थानीय युवकों ने सार्वजनिक स्थान पर एलसीडी स्क्रीन लगाकर आईपीएल मैच का प्रसारण किया था। इस आयोजन को लेकर पड़ोस के एक कार्यालय से जुड़े दो युवकों ने आपत्ति जताई, जिससे बात बढ़ते-बढ़ते झगड़े में तब्दील हो गई।
-पिस्तौल से फायर किए चार राउंड
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने गुस्से में आकर पिस्तौल से चार राउंड फायरिंग कर दी। दो गोलियां एलसीडी स्क्रीन पर लगीं जबकि एक गोली एक युवक के हाथ में जा धंसी, जिससे वह घायल हो गया। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
-मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस
स्थानीय लोगों की तत्परता से हमलावर युवक को पकड़ लिया गया और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि उन्हें गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

