Site icon Dainik Savera Times

नाबालिग बेटी की शादी और दहेज प्रताड़ना का मामला: पिता गिरफ्तार

juvenile marriage and dowry harassment

juvenile marriage and dowry harassment

यमुनानगर। महिला थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की के अवैध विवाह और दहेज उत्पीड़न के गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए किशोरी के पिता को गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना छप्पर क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

जानकारी के अनुसार 20 जून को महिला थाना में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि उसकी नाबालिग बेटी को शादी के बाद दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। शिकायत में बताया गया कि ससुराल पक्ष की ओर से लगातार दहेज की मांग की जा रही थी और इनकार करने पर लड़की के साथ मारपीट की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरी की शादी दिसंबर 2024 में कराई गई थी, जबकि उस समय उसकी उम्र 18 वर्ष से कम थी। आरोप है कि माता-पिता ने जानबूझकर उम्र से संबंधित गलत जानकारी देकर शादी करवाई। पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि लड़की का साहिल नाम के युवक से पहले से संपर्क था और दोनों परिवारों की सहमति से बाद में विवाह कराया गया।

महिला थाना प्रभारी शिलावंती ने बताया कि शादी के बाद आरोपी युवक ने किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाए और कुछ समय बाद दहेज को लेकर दबाव बढ़ा दिया। दहेज न लाने पर किशोरी को घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version