Site icon Dainik Savera Times

खेत में मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

यमुनानगर। व्यासपुर थाना क्षेत्र के रामखेड़ी गांव में शनिवार शाम एक खेत से 35 वर्षीय मनोज का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक फेरूवाला गांव का रहने वाला था। शव पर सिर और हाथों पर गहरी चोटों के निशान पाए गए हैं, जबकि उसकी चप्पलें और बनियान कुछ दूरी पर गिरी हुई मिलीं। इन हालातों के चलते पुलिस भी हत्या की ओर इशारा कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिवार के अनुसार, मनोज 29 अगस्त की शाम घर से बाहर निकला था और मां को बताया था कि वह रामखेड़ी अड्डे की ओर जा रहा है। देर रात तक उसके घर न लौटने पर परिवार और मोहल्ले के लोग चिंतित हो उठे और उसकी तलाश शुरू कर दी।

तलाशी के दौरान स्थानीय दुकानदारों से पूछताछ की गई। एक दुकानदार ने बताया कि उसने मनोज को 29 अगस्त की रात करीब नौ बजे तक अड्डे के आसपास घूमते देखा था। इसके बाद परिजन आसपास खेतों में पहुंचे और वहां मनोज की चप्पल व बनियान पड़ी मिली। इससे अनहोनी की आशंका और गहरा गई।

तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और तलाश शुरू की गई। आखिरकार शनिवार की शाम रामखेड़ी के पास खेतों में मनोज का शव बरामद किया गया। शरीर पर चोटों के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है।

थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच होगी और सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी।

Exit mobile version