Site icon Dainik Savera Times

प्री-वेडिंग वीडियो शूट कर वापस लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत

जाखल: लहरागागा से घर लौट रहे चांदपुरा गांव के एक युवक की कार सड़क में गड्ढे से अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव चांदपुरा में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव चांदपुरा निवासी 21 वर्षीय जसकरण ग्रेवाल पुत्र बिक्कर सिंह अपने दोस्त के साथ पंजाब के लहरागागा क्षेत्र से रात करीब 9 बजे अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वह वीडियो ग्राफी का कार्य करते थे और एक शादी समारोह में प्री-वेडिंग वीडियो शूट कर वापस आ रहे थे। कि रास्ते में उक्त दुर्घटना में उसकी मौत हो गई।

गड्ढे में लगी कार, पेड़ से टकराई :-

गांव कोटड़ा के पास लहरागागा-जाखल रोड पर उनकी कार सड़क के गहरे गड्ढे में लग गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के एयरबैग खुल गए। ग्रामीणों ने बताया कि ड्राइवर सीट के पीछे हेड रेस्ट से गर्दन टकराने के कारण जसकरण की गर्दन में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही अचेत हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को कार से बाहर निकालकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उसे तुरंत लहरागागा के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Exit mobile version