Site icon Dainik Savera Times

वाई-फाई का पासवर्ड न देने पर युवक ने दुकानदार पर किया जानलेवा हमला

फतेहाबाद: किसान आंदोलन को लेकर फतेहाबाद जिले में इंटरनेट सेवा प्रभावित होने के कारण एक व्यक्ति ने वाई-फाई का पासवर्ड नहीं देने पर दुकानदार पर कैंची घोपकर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद वारदात को अंजाम देकर आरोपी युवक मौके से भाग गया। घायल दुकानदार को सीएचसी केंद्र भूना में ग्रामीण लेकर पहुंचे। मगर हालत गंभीर होने के कारण उसे अग्रोहा मैडीकल कालेज में भर्ती कराया गया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय संदीप बेनीवाल गांव में बस स्टैंड पर फोटो स्टेट की दुकान चला रहा है।

जिसकी दुकान में इंटरनेट के लिए वाई-फाई कनेक्शन लगा हुआ है। दुकान के वाई-फाई से कई युवाओं ने अपने मोबाइल कनेक्शन जोड़े रखे थे।आरोपी भूप सिंह ने अपने मोबाइल का कनेक्शन वाई-फाई का दुकानदार संदीप बेनीवाल से पासवर्ड लेकर इंटरनैट सुविधा से जोड़ लिया था।परन्तु दो दिन से दुकानदार संदीप बेनीवाल के दुकान का इंटरनेट चल नहीं पा रहा था। इसलिए उसने पासवर्ड बदल दिया। दुकानदार के पासवर्ड बदले जाने के बाद पड़ोसी भूप सिंह सोमवार की शाम को गुस्से में आया और वाई-फाई पासवर्ड को लेकर संदीप के साथ कहासुनी हो गई।

आरोपी ने पास में हेयर ड्रेसर की दुकान से कैंची उठाकर संदीप पर हमला कर दिया। लेकिन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर आरोपी भूप सिंह फरार हो गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामपाल लोहचब ने बताया कि बैजलपुर गांव में इंटरनेट वाई-फाई पासवर्ड को लेकर लड़ाई झगड़ा होने की सूचना मिली है। घायल अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती है, जिसके बयान लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार किया जाएगा।

Exit mobile version