यमुनानगर : मालगाड़ी पर वीडियो बनाते समय एक युवक हादसे का शिकार हो गया, जिसमेंं उसकी मौत हो गई । सोशल मीडिया पर फेमस होने और इन्फ्लुएंसर बनने का सपना 15 वर्षीय केशव की जिंदगी पर भारी पड़ गया। रील बनाने के जुनून में उसने 10वीं कक्षा के बाद पढ़ाई भी छोड़ दी थी। पिता कमल उसे बार-बार समझाते थे कि रील बनाने के बजाय पढ़ाई पर ध्यान दे, लेकिन केशव का जवाब होता था कि उसे सोशल मीडिया पर फेमस होना है और इन्फ्लुएंसर बनना है।
पिता ने कई बार उसे रील बनाने से रोका। यहां तक कि एक बार मोबाइल भी छीन लिया, लेकिन केशव ने घर में रखे दूसरे मोबाइल से रील बनाना शुरू कर दिया। आखिरकार रील बनाने के इसी जुनून में उसकी जान चली गई। केशव की मौत जगाधरी वर्कशॉप के सामने खड़ी मालगाड़ी पर वीडियो बनाते समय हुई। वह मालगाड़ी के ऊपर चढक़र रील बनवा रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली की लाइन की चपेट में आ गया। जोरदार धमाके के साथ उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
केशव के पिता कमल ने बताया कि उनका बेटा सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने का काफी शौकीन था। वह बार-बार रील बनाकर फेमस होने की बात करता था। पिता उसे समझाते थे कि अभी उसकी उम्र पढ़ाई करने की है और उसे अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कई बार उसे रील बनाने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह उनकी बात नहीं मानता था। मृतक केशव राजा गार्डन का रहने वाला था। उसके पिता कमल एलआईसी एजेंट हैं। केशव परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन भी है। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जिस बेटे को पिता पढ़ाई पर ध्यान देने और सुरक्षित भविष्य बनाने के लिए समझाते रहे, वह अब इस दुनिया में नहीं रहा। हादसे की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शव को मालगाड़ी से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और यमुनानगर के सिविल अस्पताल की मॉच्र्यूरी में रखवा दिया था। जीआरपी के जांच अधिकारी के अनुसार, शव का सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

