Site icon Dainik Savera Times

खरखौदा कोर्ट में तारीख पर आए युवक की गोली मारकर हत्या

खरखाैदा : शनिवार को खरखौदा कोर्ट में तारीख पर आए दूबलधन निवासी नीरज की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। नीरज खरखौदा कोर्ट में केस की सुनवाई के दौरान तारीख पर आया हुआ था। नीरज उर्फ कातिया की तीन/ चार अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े उप मंडल कार्यालय के मेन गेट के सामने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

नीरज खरखौदा कोर्ट में 2019 में एक मुकदमें की तारीख पर आया था, जिसकी लगातार सुनवाई चल रही थी। शनिवार को कोर्ट में चल रहे दहेज के मुकदमे में वह दोपहर करीब 12:30 बजे तारीख भुगत कर कोर्ट परिसर से बाहर आया उसी समय उपमंडल कार्यालय के मेन गेट के सामने जब वह पहुंचा तो पहले से ही घात लगाए बैठे हमलावर ब्रेजा गाड़ी में आए और नीरज को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही नीरज जमीन पर गिर पड़ा। हमलावरों ने नीरज पर 5/ 6 गोलियां बरसा दी। गोलियां नीरज के सिर व मुंह पर लगी जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नीरज के साथ उसके दो दोस्त भी साथ आए हुए थे। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भेज दिया है। घटना स्थल पर एसीपी नरेंद्र कादियान, एसीपी कुशल पाल सिंह, एसीपी जोगिंदर शर्मा, थाना प्रभारी पवन मलिक मौके पर पहुंचे।

Exit mobile version