Site icon Dainik Savera Times

महिला से अभद्रता करने को लेकर हेड कांस्टेबल बर्खास्त

Head Constable Dismissed : गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने एक महिला से अभद्रता करने के मामले में निलंबित हेड कांस्टेबल को बर्खास्त कर दिया है तथा पुलिस प्रतिक्रिया वाहन (पीआरवी) पर तैनात होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा गया है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि 27 अप्रैल को बीटा दो थाना क्षेत्र में तैनात पीआरवी को ऐच्छर चौकी क्षेत्र में कार के मोटरसाइकिल को टक्कर मारने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर पीआरवी मदद के लिए मौके पर पहुंची।

उन्होंने बताया कि पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी की, वहां मौजूद एक व्यक्ति से कहासुनी हो गई जिससे नाराज सिपाही ने गुस्से में आकर व्यक्ति को थप्पड़ जड़ दिया और बीचबचाव के लिए आई महिला के साथ भी मारपीट की। प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद 30 अप्रैल को हेड कांस्टेबल भूपेंद्र मलिक को निलंबित कर दिया और मामले की जांच डायल-112 के सहायक पुलिस आयुक्त द्वारा की गई।

उन्होंने बताया कि जांच में पीआरवी-1860 पर तैनात हेड कांस्टेबल भूपेंद्र मलिक एवं होमगार्ड सत्य प्रकाश को महिला से अभद्रता करने का दोषी पाया गया, जिसके बाद ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’ की नीति (जीरो टॉलरेंस) को अपनाते हुए हेड कांस्टेबल भूपेंद्र मलिक को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। उन्होंने बताया कि होमगार्ड सत्य प्रकाश की बर्खास्तगी की सिफारिश करते हुए जिला होमगार्ड कमांडेंट को पत्र लिखा गया है।

Exit mobile version