Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली कोचिंग सेंटर मौत मामले में सुनवाई आज, छात्रों ने शुरू की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

July 31, 2024

दिल्ली कोचिंग सेंटर मौत मामले में सुनवाई आज, छात्रों ने शुरू की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

दिल्ली के राव आईएएस कोचिंग में तीन छात्रों की मौत को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका पर आज सुनवाई होगी। इसमें हादसे की जांच के लिए पैनल बनाने की मांग की गई है। वकील रुद्र विक्रम सिंह ने हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस मनमोहन और जस्टिस तुषार राव गेडेला की बेंच के समक्ष याचिका दायर की है।

दूसरी ओर, मंगलवार दोपहर 3 बजे से धरने पर बैठे छात्रों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। भूख हड़ताल पर बैठे छात्र अमन कुमान का कहना है कि जब तक दिल्ली सरकार के अधिकारी, मेयर, नगर आयुक्त, विधायक, जल बोर्ड के अधिकारी हमसे मिलने नहीं आते, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

छात्रों की मांग है कि यहां छात्रों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, उसे बदला जाए। ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। उन्होंने यह भी कहा कि मौतों की संख्या ज्यादा है, लेकिन प्रशासन इसे छिपा रहा है। जब बेसमेंट में पानी घुसा, तब 35 छात्र पढ़ाई कर रहे थे।

कोचिंग सेंटर के बेसमेंट हादसे पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस और एमसीडी कमिश्नर को नोटिस जारी किया है। आयोग ने 14 दिन के अंदर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि प्रदेश में ऐसे सभी कोचिंग सेंटरों का पता लगाएं जो नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।

आयोग ने कहा है कि मीडिया रिपोर्ट्स से पता चला है कि जलभराव को लेकर अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे पता चलता है कि अधिकारी लापरवाह थे। वहीं, पटेल नगर इलाके में जलभराव के कारण पानी में करंट लगने से सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे एक अभ्यर्थी की मौत का भी आयोग ने संज्ञान लिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें