अंबाला। प्रदेश में जल्द ही मौसम बदलने वाला है। पिछले कुछ दिनों से राहत दे रहा पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ेगा और शुरू होगा भीषण गर्मी और लू का दौर। अगले तीन दिनों के लिए कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।
तापमान पहुंच सकता है 45 डिग्री
इसी बीच अनुमान ये भी लगाया जा रहा है कि कुछ इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है। पश्चिमी विक्षोभ की विदाई के बावजूद कुछ जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पलवल और नूंह में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है। कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। हालांकि उत्तर और पश्चिम हरियाणा के अधिकतर जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
अब बढ़ने लगा अधिकतम तापमान
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होते ही प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। रोहतक में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। औसतन तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। अभी तापमान सामान्य स्तर के आसपास है, लेकिन अगले दो दिनों के बाद इसमें और तेजी आने की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि आगामी चार दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है।
कल से शुरू होगा लू का दौर
मौसम विभाग ने 8 जून से सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में लू चलने की चेतावनी दी है। इसके बाद 9 जून से जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। विभाग के अनुसार 10 जून को लगभग पूरे हरियाणा में भीषण लू चलने की संभावना है। इस दौरान दिन के समय बाहर निकलने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
सामान्य से कम हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जून के शुरुआती छह दिनों में हरियाणा में सामान्य से 12 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। यही वजह है कि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में लोगों को तेज धूप, गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान के लिए तैयार रहना चाहिए। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले लोगों को दोपहर के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
Also Read :

