Site icon Dainik Savera Times

गर्मी का प्रहार : बिजली खपत में 40% उछाल, बिजली निगम ने छूटे पसीने

Electricity bills

Electricity bills

करनाल। मई का महीना जब आधा बीत चुका था तो लग रहा था कि इस बार अधिक गर्मी नहीं पड़ेगी। अब मई का अंत चल रहा है, लेकिन गर्मी अपने चरम पर है। आसमान से गिर रही आग और तेज लू अपने पिछले रिकॉर्ड तोड़ने को बेकरार है।

SE बोले- इस साल चुनौती अधिक

इस गर्मी का सबसे ज्यादा असर बिजली आपूर्ति पर पड़ रहा है। एयर कंडीशनर (AC) और कूलरों के लगातार चलने से जिले में बिजली की मांग में अचानक 40 फीसदी की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस अप्रत्याशित लोड के कारण बिजली नेटवर्क में तकनीकी दिक्कतें और फॉल्ट की चुनौतियां भी काफी बढ़ गई हैं। ​उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर (SE) नसीब सिंह ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस साल स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण है।

मिली 27 हजार से अधिक शिकायतें

उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि बीते साल 25 मई को जहां जिले में 80 लाख यूनिट की डिमांड थी, वहीं 25 मई 2026 को यह बढ़कर 1 करोड़ 21 लाख यूनिट तक पहुंच गई, जो सीधे तौर पर 40% की वृद्धि को दर्शाती है। ​गर्मी के कारण ट्रांसफार्मरों के फुंकने और लाइनों में फॉल्ट आने की शिकायतें तेजी से बढ़ी हैं। बीते एक महीने के भीतर विभाग को कुल 27,116 शिकायतें प्राप्त हुईं। हालांकि, विभाग की मुस्तैदी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इनमें से 26,866 शिकायतों का तय समय के भीतर निपटारा कर उपभोक्ताओं की बिजली सुचारू की गई।

​संकट से निपटने के लिए उपाय

​​24 घंटे निगरानी : उपभोक्ताओं को रात के समय आने वाली दिक्कतों से बचाने के लिए विशेष रूप से रात की शिफ्ट में एक SDO (उपमंडल अधिकारी) की तैनाती की गई है। पूरा तकनीकी स्टाफ 24 घंटे ऑन-ड्यूटी व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा है।
​48 मोबाइल ट्रॉली तैनात : यदि किसी क्षेत्र का ट्रांसफार्मर खराब होता है, तो विभाग तुरंत मोबाइल ट्रॉली भेजकर बिजली चालू करता है। शहरी क्षेत्रों में 1 घंटे के भीतर और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतम 2 घंटे के अंदर बिजली बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है।
​120 ट्रांसफार्मर का डिस्ट्रीब्यूशन बैंक : आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए करनाल सर्कल में 120 ट्रांसफार्मरों का एक विशेष बैंक (स्टॉक) तैयार रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत नया ट्रांसफार्मर बदला जा सके।

​SE की आम जनता से अपील

‘बिजली निगम के एस.ई. नसीब सिंह ने उपभोक्ताओं से संकट की इस घड़ी में सहयोग करने और जिम्मेदारी से बिजली का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने बिजली और पैसे दोनों की बचत के लिए निम्नलिखित उपाय सुझाए।​ टीवी, एसी या अन्य उपकरणों को केवल रिमोट से बंद न करें, बल्कि मुख्य स्विच (प्लग पॉइंट) से बंद करें। रिमोट से बंद होने पर भी उपकरण बिजली सोखते रहते हैं।

Also Read :

 

Exit mobile version