नेशनल डेस्कः देश में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। अप्रैल के दूसरे हफ्ते में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में पारा 42°C तक पहुंच गया है। राजस्थान में मंगलवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जहां बाड़मेर और जैसलमेर में तापमान 41°C के पार चला गया। उत्तर प्रदेश के बांदा में अधिकतम तापमान 40.4°C दर्ज किया गया। वहीं गुजरात, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के ज्यादातर शहरों में भी पारा 40°C से ऊपर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि अगले दो सप्ताह में तापमान 6 से 8°C तक बढ़ सकता है। वहीं, उत्तराखंड में मौसम ठंडा बना हुआ है। केदारनाथ और बद्रीनाथ में बर्फबारी हुई है। जम्मू-कश्मीर और असम समेत कई राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
अगले दो दिन का मौसम पूर्वानुमान
16 अप्रैल: असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश के साथ 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बर्फबारी की संभावना है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी हल्की बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में लू चलने की शुरुआत होगी, जबकि तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में तापमान बढ़ेगा।
17 अप्रैल: पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश, जबकि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी के साथ ओले गिरने की संभावना है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में लू चलेगी, जबकि पश्चिमी राजस्थान और झारखंड में भी हीटवेव की शुरुआत होने की संभावना है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...