Site icon Dainik Savera Times

मुकेश सहनी की UP पुलिस से तीखी बहस, कहा- हम सरकार में रह चुके हैं, नियम और संविधान दोनों जानते हैं

Mukesh Sahani clashes up police

Mukesh Sahani clashes up police

नेशनल डेस्क: VIP के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर उनके कार्यक्रम में बेवजह दखल देने का आरोप लगाया है। यह मामला महाराजगंज में उनके प्रस्तावित रात्रि प्रवास कार्यक्रम से पहले सामने आया, जब गुरुवार (9 जुलाई) देर रात पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम और उसकी अनुमति को लेकर उनसे संपर्क किया। इस दौरान मुकेश सहनी की एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से फोन पर तीखी बहस भी हुई।

फोन पर बातचीत में मुकेश सहनी ने कहा कि वह पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहे हैं। उनके रात्रि प्रवास के दौरान किसी होटल में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात होती है, जहां संगठन से जुड़े मुद्दों पर सामान्य चर्चा की जाती है। यह कोई सार्वजनिक सभा या बड़ी भीड़ जुटाने वाला कार्यक्रम नहीं है, इसलिए इसके लिए अलग से अनुमति लेने की जरूरत नहीं है।

 

बातचीत के दौरान सहनी ने अधिकारी से कहा कि हम सरकार में रह चुके हैं, नियम और संविधान दोनों जानते हैं। चूड़ी नहीं पहनी है। उनके दौरे की जानकारी और प्रोटोकॉल चार दिन पहले ही प्रशासन को भेज दिया गया था। उनका कहना था कि भारत के किसी भी राज्य या जिले में जाना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और किसी शांतिपूर्ण कार्यक्रम में इस तरह की पूछताछ या रोक-टोक उचित नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार के इशारे पर पुलिस उनके कार्यक्रमों में बाधा डालने की कोशिश कर रही है। पुलिस को किसी राजनीतिक दल के दबाव में नहीं, बल्कि संविधान और कानून के अनुसार निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए।

फोन पर हुई बातचीत के दौरान उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि उनके शांतिपूर्ण कार्यक्रम में किसी तरह की रुकावट पैदा की गई तो वह कानूनी रास्ता अपनाएंगे और जरूरत पड़ने पर अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगे। सत्ता हमेशा एक जैसी नहीं रहती और समय के साथ सरकारें बदलती हैं। इसलिए प्रशासनिक अधिकारियों को किसी राजनीतिक प्रभाव से दूर रहकर निष्पक्ष तरीके से कानून और संविधान की भावना के अनुसार अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

Exit mobile version