Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

आफत बनकर आई भारी बारिश…टूटकर गिरी बिजली की तारें, करंट लगने से 2 लाेगाें की हुई मौके पर मौत

June 27, 2024

आफत बनकर आई भारी बारिश…टूटकर गिरी बिजली की तारें, करंट लगने से 2 लाेगाें की हुई मौके पर मौत

मंगलूरुः मंगलूरु के पांदेश्वर इलाके में बुधवार रात भारी वर्षा के बीच बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिरने के बाद उसके संपर्क में आकर दो ऑटो चालकों की करंट लगने से मौत हो गई। मंगलूरु के पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को बृहस्पतिवार सुबह सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि यह घटना रात लगभग नौ बजे हुई। उन्होंने बताया कि मृत दोनों आटो चालकों की पहचान हासन निवासी राजू (50) और दक्षिण कन्नड़ के पुत्तूर निवासी देवराज (46) के रूप में हुई है। दोनों पांदेश्वर इलाके में किराए के मकान में रहते थे।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि राजू अपने ऑटो रिक्शा को सुरक्षित जगह पर खड़ी करने के लिए रात में घर से बाहर निकले थे तभी तेज बारिश के चलते बिजली का तार टूटकर उन पर गिर गया। अग्रवाल के अनुसार राजू की चीख-पुकार सुनकर उनके साथी देवराज उन्हें बचाने दौड़े लेकिन करंट की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने बताया कि यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई है और उसके आधार पर पांदेश्वर थाने में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। राजू और देवराज के शव अंत्यपरीक्षण के बाद उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। कर्नाटक के तटीय जिलों में पिछले लगभग दो सप्ताह से तेज बारिश हो रही है जिसके चलते यहां आम जनजीवन अस्तव्यस्त है। आज अत्यंत भारी वर्षा की मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर दक्षिण कन्नड़ जिले में सभी प्राथमिक और उच्च विद्यालयों और आंगनवाड़ियों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को तटीय कर्नाटक में भारी बारिश होने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका जताई है। इसके अलावा मौसम विभाग ने 28 जून से 30 जून तक भी कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ समेत सभी तटीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें