Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली-NCR में भारी बारिश… कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम, IMD ने किया रेड अलर्ट, VIDEO

August 9, 2025

दिल्ली-NCR में भारी बारिश… कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम, IMD ने किया रेड अलर्ट, VIDEO

Delhi-NCR Weather : रक्षाबंधन के दिन दिल्ली-एनसीआर में सुबह से हुई भारी बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के कई हिस्सों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। जगह-जगह ट्रैफिक जाम के हालात बने रहे, वहीं उड़ान संचालन पर भी असर पड़ा और कई उड़ानें देरी से रवाना हुईं।

दिल्ली में जलभराव के गंभीर हालात
दिल्ली के बीडी मार्ग, जहां सांसदों के फ्लैट स्थित हैं, में नर्मदा अपार्टमेंट के सामने भारी जलभराव देखा गया। यहां तेज बारिश के बाद पानी भरना आम बात हो गई है, और जलस्तर बढ़ने पर नालियां खोलकर पानी निकासी की जाती है।

मौसम विभाग का रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वी और केंद्रीय दिल्ली में दिनभर मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

उड़ान संचालन पर असर
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे उड़ानों की जानकारी के लिए अपनी एयरलाइन से संपर्क करें। इंडिगो और स्पाइसजेट ने भी यात्रियों को शहर में ट्रैफिक जाम के चलते समय से पहले निकलने की सलाह दी। हालांकि, DIAL ने स्पष्ट किया कि बारिश के कारण कोई फ्लाइट डायवर्जन नहीं हुआ है और संचालन सामान्य है।

कई इलाकों में पानी भरने से मुश्किलें
जलभराव से प्रभावित प्रमुख इलाकों में आईटीओ, मुनीरका मेट्रो स्टेशन (गेट नंबर-1), मोती बाग, एपीएस कॉलोनी, अकबर रोड, साउथ एवेन्यू, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, मंडी हाउस, मिंटो रोड, संगम विहार, वसंत कुंज, आरके पुरम, कनॉट प्लेस और पंचकुइयां मार्ग शामिल हैं।

यमुना का जलस्तर
सुबह 8 बजे यमुना का जलस्तर 204.4 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 204.5 मीटर से 10 सेमी कम है। खतरे का स्तर 205.33 मीटर है, यानी नदी फिलहाल बाढ़ स्तर से करीब 93 सेमी नीचे बह रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें