Site icon Dainik Savera Times

दो दिन रुकेगा मानसून, 18 से फिर झमाझम के आसार

heavy rain expected from 18th July : अंबाला। मानसून ने फिलहाल दो दिन का ब्रेक ले लिया है। शनिवार को प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। हालांकि पिछले तीन दिनों में हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार 12 जुलाई को भी बारिश की संभावना नहीं है जबकि 13 और 14 जुलाई को हल्की बारिश हो सकती है।

21 तक अच्छी बारिश के आसार

18 से 21 जुलाई के बीच अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 11 और 12 जुलाई को मानसून ब्रेक की स्थिति रहेगी। 13 और 14 जुलाई को एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेशभर में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद फिर चार दिन तक मानसून कमजोर रहेगा। उन्होंने बताया कि 18 से 21 जुलाई के दौरान एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के साथ अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे नमी बढ़ेगी और हरियाणा, दिल्ली व एनसीआर में अच्छी बारिश हो सकती है।

एनसीआर में अधिक बारिश दर्ज

डॉ. चंद्रमोहन ने कहा कि इस बार मानसून के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में असमान बारिश दर्ज की जा रही है। जीटी बेल्ट और एनसीआर के जिलों में अपेक्षाकृत अधिक वर्षा हुई है जबकि हिसार, सिरसा और फतेहाबाद जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। पिछले तीन दिनों में हुई बारिश के कारण प्रदेशभर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हवाओं की दिशा बदलने से उमस भी कम हुई है। शनिवार को सिरसा में सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

ये रहा तापमान

इसके अलावा भिवानी में 37, हिसार में 36, गुरुग्राम में 34.9, करनाल में 33.6 और यमुनानगर में 32.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

Also Read :

Exit mobile version