झारखंड में भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने से आठ लोगों की मौत

रांची: झारखंड में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने के कारण पिछले 24 घंटे में रांची निवासी एक व्यक्ति सहित कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। झारखंड के कई हिस्सों में शनिवार शाम से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई पुलिया क्षतिग्रस्त हो.

रांची: झारखंड में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने के कारण पिछले 24 घंटे में रांची निवासी एक व्यक्ति सहित कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। झारखंड के कई हिस्सों में शनिवार शाम से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई पुलिया क्षतिग्रस्त हो गईं और कई लोगों की जान भी चली गई। रांची के लालपुर इलाके में रविवार को एक 28 वर्षीय युवक उफनते नाले में गिर गया और उसका शव सोमवार की सुबह घटनास्थल से लगभग 2.5 किमी दूर बरामद किया गया। मृतक की पहचान देव प्रसाद उर्फ छोटू के रूप में हुई।

गोंडा पुलिस थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘व्यक्ति का शव आज सुबह बरामद किया गया। वह रविवार को भारी बारिश के कारण उफनते नाले में गिर गया था।’’ पुलिस ने बताया कि झारखंड के जामताड़ा जिले में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला और तीन बच्चों की मौत हो गई। बच्चों की उम्र डेढ़ से सात साल बताई जा रही है। नारायण पुलिस थाने के प्रभारी दिलीप कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया कि यह घटना चंदाडीह लखनपुर की है।

पुलिस ने बताया कि बोकारो जिले में एक मिट्टी के घर की दीवार गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि पलामू जिले के मायापुर गांव में नौ और 12 साल की दो बच्चियां एक तालाब में डूब गईं। भारी बारिश में कई पुलिया भी बह गईं। लगातार बारिश के कारण रविवार रात रांची के रातु इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर रांची-डाल्टनगंज मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। राज्य की कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।

राज्य की राजधानी रांची में भले ही बारिश की तीव्रता कम हो गई है, लेकिन मौसम विभाग ने सोमवार को लोहरदग्गा, गुमला और सिमडेगा के कुछ हिस्सों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ‘आरेंज अलर्ट’ जारी किया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड में बारिश जारी है। उन्होंने बताया कि राज्य के कुछ हिस्सों में चार अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

- विज्ञापन -

Latest News