Site icon Dainik Savera Times

केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, दो लोगों की मौत

तिरुवनंतपुरम: केरल के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हुई जिससे अलाप्पुझा जिले में दो लोगों की मौत हो गई। यह मौतें रविवार को एक दुर्घटना में हुईं जब चार लोगों के परिवार को ले जा रहे एक आटोरिक्शा के चालक ने भारी बारिश के बीच नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वाहन पलट गया और अचनकोविल नदी में गिर गया। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस दुर्घटना में महिला की जान चली गयी और उसका बेटा लापता हो गया। महिला के पति, बेटी और आटोरिक्शा के चालक को स्थानीय लोगों ने बचा लिया।

अधिकारी ने कहा, ”तलाशी अभियान में जुटे गोताखोरों के दल ने आज सुबह लड़के का शव बरामद किया।” स्थानीय प्रशासन ने बताया कि पथनमथिट्टा जिले में पिछले तीन दिनों में रूक-रूक कर हुई भारी बारिश के कारण कुछ हिस्सों से भूस्खलन की सूचना मिली है और मुझियार बांध के एक फाटक को खोल दिया गया है जिससे पंबा नदी का जलस्तर बढ़ेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को पूर्वानुमान लगाया कि राज्य के तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम जिलों में एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है।

आईएमडी ने बताया कि केरल में आगामी पांच दिनों तक मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है और चार से आठ सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस बीच, भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस) ने बताया कि दिन में केरल तट पर ऊंची लहरें और तूफान आने की संभावना है। आईएनसीओआईएस के अनुमान के मुताबिक, मछुआरों और तटीय निवासियों को सतर्क रहने और खतरनाक क्षेत्रों से दूर रहने के साथ-साथ समुद्र तट की यात्रा या इससे संबंधित किसी भी गतिविधि से बचने के लिए कहा गया है।

Exit mobile version