Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुंबई में भारी बारिश, कुछ इलाकों में जलभराव, ट्रेन सेवाएं सामान्य

July 20, 2024

मुंबई में भारी बारिश, कुछ इलाकों में जलभराव, ट्रेन सेवाएं सामान्य

मुंबई। मुंबई और उसके उपनगरों में शनिवार को रुक-रुक कर भारी बारिश हुई, जिसके कारण महानगर के कुछ इलाकों में पानी भर गया लेकिन लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञन विभाग (आईएमडी) ने बताया कि मुंबई में शनिवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 91 मिमी बारिश हुई, जबकि इसके पूर्वी एवं पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 87 मिमी और 93 मिमी बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने नागपुर और विदर्भ क्षेत्र में शनिवार को भारी बारिश और अगले दो दिन में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे अनावशय़क रूप से घर से बाहर नहीं निकलें। उसने शनिवार को चंद्रपुर के लिए ‘रेड’ अलर्ट तथा नागपुर, अमरावती और वर्धा जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

विभाग ने मुंबई में भी मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई में सुबह 11 बजकर 28 मिनट पर समुद्र में 4.24 मीटर एवं रात 11 बजकर 24 मिनट पर 3.66 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण महानगर के कुछ इलाकों में पानी जमा होने के कारण कुर्ला क्षेत्र में शीतल सिनेमा और काले मार्ग के पास की सड़क पर यातायात को अन्य मार्गों की ओर मोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि गोरेगांव पूर्व में आरे मार्ग पर यातायात को सीप्ज-मरोल मरोशी-जेवीएलआर की ओर मोड़ दिया गया है।

यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जलभराव के कारण अंधेरी भूमिगत मार्ग को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और वाहनों को एसवी रोड की ओर मोड़ दिया गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र में उपनगरीय रेल सेवाएं संचालित करने वाले मध्य रेलवे और पश्चिमी रेलवे ने बताया कि स्थानीय रेल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं। मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें