
नई दिल्ली। देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर के साथ-साथ खतरे की चेतावनी भी सामने आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर समेत 17 राज्यों में भारी बारिश, वज्रपात और 50 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी आसमान पर बादलों का डेरा रहने और मौसम के नाटकीय रूप से बदलने की संभावना जताई है।
अगले दो दिनों (6–8 जून) में उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं वज्रपात की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 90 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। पंजाब और हरियाणा में आंधी और हल्की से मध्यम बारिश के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
धूलभरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। यूपी के करीब 22 जिलों में मौसम विभाग ने आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। राज्य के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होगी, हालांकि कुछ शहरों में उमस और तपिश का असर भी बना रह सकता है। बिहार के 18 से अधिक जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं आफत खड़ी कर सकती हैं।
पहाड़ी इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। धूलभरी आंधी के साथ छिटपुट बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। केरल, कर्नाटक, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जिसके चलते यहां अत्यंत भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। केरल के कई हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और शाखाएं टूटकर गिर गईं, जिससे कई वाहनों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए राज्य के पांच जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राज्य में अगले दो दिनों में वर्षा और अधिक तीव्र हो सकती है। इसे देखते हुए शनिवार के लिए मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, रविवार को मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर वायनाड, कोझिकोड और कासरगोड में पर्यटन स्थलों पर प्रवेश, पहाड़ी मार्गों पर रात्रिकालीन यात्रा तथा पत्थर खनन गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी है। वायनाड और कासरगोड जिलों में छह जून को सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। भारी बारिश के कारण कोच्चि नगर निगम क्षेत्र के कई निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...