Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में भारी बारिश का कहर, मां-बेटे की नाले में डूबकर मौत, आप विधायक ने उठाए सवाल

August 1, 2024

दिल्ली में भारी बारिश का कहर, मां-बेटे की नाले में डूबकर मौत, आप विधायक ने उठाए सवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के गाजीपुर में बुधवार शाम हुई भारी बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां पानी से भरे नाले में एक महिला और उसके बच्चे की डूबने से मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के बाद जलभराव हो गया था और तभी वहां से गुजर रही 22 वर्षीय महिला और उसका बच्चा उसमें गिर गया और उनकी डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, महिला और उसका बच्चा सामान खरीदने के लिए बाहर गए थे। तभी वे जलभराव वाले नाले में गिर गए। दिल्ली पुलिस ने कहा, ‘हादसे के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। साथ ही पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर थाना पुलिस द्वारा इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ‘इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार ने दिल्ली के एलजी से सवाल पूछा। उन्होंने महिला और बच्चे की मौत के लिए डीडीए को जिम्मेदार ठहराया ।

उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- ‘‘आज दिल्ली और उत्तर प्रदेश की खोड़ा कॉलोनी की सीमा पर डीडीए द्वारा बनाए जा रहे नाले में किसी भी प्रकार की बेरिकाडिंग ना होने की वजह से एक महिला और उनकी ढाई साल की बच्ची की उस नाले में गिरने से मौत हो गई। मैं उम्मीद करता हूं कि डीडीए के इन लापरवाह अफसरों पर दिल्ली के एलजी सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे और पुलिस इस मामले में केस दर्ज करेगी।’’

बता दें कि बुधवार शाम को भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी में यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जिसके कारण कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली। दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने गुरुवार को शहर के सभी स्कूलों को बंद करने की घोषणा की है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बुधवार शाम बहुत भारी बारिश और गुरुवार को भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर सभी सरकारी और निजी स्कूल 1 अगस्त को बंद रहेंगे।’’ भारत मौसम विज्ञान विभाग (कटऊ) ने पूर्वानुमान लगाया है कि राष्ट्रीय राजधानी में 5 अगस्त तक बारिश की स्थिति बनी रहेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें