Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तराखंड के चमोली में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, रोड पर मलबे में फंसे कई वाहन, सीएम धामी स्थिति पर रख रहे नजर

April 10, 2025

उत्तराखंड के चमोली में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, रोड पर मलबे में फंसे कई वाहन, सीएम धामी स्थिति पर रख रहे नजर

Heavy rains in Chamoli: उत्तराखंड में चमोली जिले के थराली क्षेत्र में बुधवार देर शाम अचानक बारिश ने लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। तेज हवाओं के साथ भारी बारिश से कई जगहों पर रोड पर मलबा आ गया, जिसमें कई वाहन दब गए हैं।

पिछले कुछ घंटों से चमोली में बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। स्थानीय प्रशासन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं। इस बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी को फोन कर तत्काल से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने और नजदीक के अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं।

सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, थराली (चमोली) में अतिवृष्टि के कारण कुछ वाहनों के मलबे में दबे होने की सूचना प्राप्त हुई है। जिलाधिकारी को फोन कर त्वरित प्रभाव से रेस्क्यू ऑपरेशन प्रारंभ करने एवं निकटवर्ती अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

बता दें कि चमोली जिले में बुधवार को दोपहर के बाद अचानक मौसम बदल गया। तेज आंधी, तूफान के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। लगातार तेज बारिश से नाले उफान पर आ गए, जिससे थराली-देवाल मुख्य मार्ग समेत कई रोड बाधित हो गए। रोड पर मलबा आने से कई वाहन दब गए, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

स्थानीय प्रशासन द्वारा रोड पर से जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटवाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, तेज बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। क्षेत्र में किसानों की गेहूं, सरसों, मसूर, सेब, समेत अन्य बागवानी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

मौसम विभाग के अनुसार, चमोली जिले में 10, 11 और 12 अप्रैल तक तेज हवाओं के साथ रुक-रुककर भारी बारिश की संभावना है। 13 अप्रैल से मौसम साफ होने की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें