Site icon Dainik Savera Times

तेज रफ्तार कार का कहर, 6 लोगों को मारी टक्कर, 2 की मौत 4 घायल

Horrible Road Accident in Rajouri

Horrible Road Accident in Rajouri

High Speed Car : मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में तेज रफ्तार कार के लोगों को टक्कर मारने से दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे विजय नगर इलाके में हुई। निरीक्षक वीरेंद्र सिंह पवार ने बताया कि कार संजय पटेल (46) चला रहा था, उसे हिरासत में लिया गया है। पटेल पेशे से चिकित्सक है। उन्होंने बताया कि कार की टक्कर से दो पैदल यात्रियों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान रवि शंकर दुबे (67) और मुन्नी बाई सेन (61) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि पटेल ने दावा किया है कि वह हृदय रोगी है और हाल ही में उसका ऑपरेशन हुआ है। उसने दावा किया कि उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गया जिससे यह हादसा हुआ।

पवार ने चिकित्सक के नशे में होने की बात से इनकार किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार ने छह लोगों को टक्कर मारी और फिर डिवाइडर से टकरा गई।

Exit mobile version