Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल कांग्रेस सरकार के 100 दिन पूरे, 10 दिनों में होगी 2000 भर्ती

March 21, 2023

हिमाचल कांग्रेस सरकार के 100 दिन पूरे, 10 दिनों में होगी 2000 भर्ती

शिमला : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि अगले 10 दिन के भीतर दो हजार विभिन्न पदों की भर्ती करने जा रहे हैं। सुक्खू ने कहा कि यह भर्ती प्रकिया हिमाचल प्रदेश लोकसेवा आयोग करेगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों से कोई फीस नहीं ली जाएगी और न ही आयु सीमा की शर्त रहेगी। एक महीने के अंदर इसका रिजल्ट जारी होगा। कांग्रेस सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मंगलवार को विधानसभा सचिवालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार की 100 दिन की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि पुरानी लंबित भर्तियों जिनपर कोई मामला नहीं बनता, उनका परिणाम भी घोषित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य कर्मचारी चयन आयोग में पेपर बेचने का धंधा पिछले कई सालों से चल रहा था। हमने विजिलेंस के माध्यम से जाल बिछाया और पेपर लीक करने वालों को पकड़ा। साथ ही आयोग को भंग किया। उन्होंने कहा कि हम सत्ता सुख के लिए नहीं, व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रदेश की अर्थव्यवस्था कर्ज के बोझ के तले दबी हुई है। गत 17 मार्च को जब बजट पेश किया तो प्रदेश के लोगों के लिए उम्मीद की किरण आई। उन्होंने कहा कि चार साल में भविष्य की युवा पीढ़ी का ध्यान रखेंगे। हमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य का ध्यान रखना है। उन्होंने कहा कि कुछ विभागों में व्यवस्था बदल दी है, कुछ में बजट के एक साल में परिवर्तन आएगा। चार साल में अर्थव्यवस्था पटरी पर आएगी। इस दृष्टि से सरकार काम कर रही है। छह माह में सभी ग्रीन कॉरिडोर की टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी।

सीएम सुक्खू ने कहा कि हमारी सरकार पारदर्शिता से काम करेगी और जनता के हितों के लिए फैसले लिए जाएंगे। पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन बहाल करने का निर्णय लिया और इसके लिए एक हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया। एक अप्रैल से सभी कर्मियों व अधिकारियों को पुरानी पेंशन का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहले 90 दिन में टेंडर प्रक्रिया पूरी होती थी। अब सरकार ने सभी विभागों में 20 दिन में टेंडर जारी करने का नियम बनाया है। वन विभाग में नई पौध की देखरेख के लिए समर्पित स्टाफ लगाया जाएगा। कोई 12 जिलों में अढाई सौ हेक्टेयर क्षेत्र में इस बार पौधरोपण किया जाएगा। वन विभाग के निर्माण विंग को बंद कर स्टाफ अन्य विभागों में भेजा जाएगा। दूसरी गारंटी भी शुरु कर रहे हैं। महिलाओं को पांच चरणों में 1500 रुपये देंगे। सब महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से मिलेगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि मुख्यमंत्री गरीब कल्याण कोष शुरु किया गया है। ये वे योजनाएं हैं, जिनके कारण कोई वंचित नहीं होगा। छोटे व्यापारी को नौ फीसदी पर ब्याज मिलता है। किसानों को दो प्रतिशत ब्याज पर छोटे-छोटे कर्ज लिए जाएंगे। इलेक्ट्रिक टैक्सी अगर 20 लाख की है तो 10 लाख रुपये सरकार देगी। इसी तरह इलेक्ट्रिक बस, ट्रक के लिए भी उपदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम मिशन मोड पर फोकस होकर काम कर रहे हैं। चार साल में अर्थव्यवस्था पटरी पर आए, इस दृष्टि से सरकार काम कर रही है। छह माह में सभी ग्रीन कॉरिडोर की टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी। सुक्खू ने कहा कि उप मुख्यमंत्री ने 1500 बसें बदलने की बात की है। हम ग्रीन हाइड्रोजन में जा रहे हैं। इसको लेकर 10 दिन में बड़ा समझौता होने वाला है। हमने एक-एक बात का अध्ययन किया है। ग्रीन हाईड्रोजन में हिमाचल अग्रणी राज्य बन सकता है। सबसे ज्यादा पानी कांगड़ा में है। वहां जमीन भी है। कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें